पहले चरण के पंचायती राज चुनाव में कुल्लू ज़िला में 84.43 प्रतिशत मतदान

 
 शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ मतदान, मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर निभाई लोकतांत्रिक जिम्मेदारी
कुल्लू । ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज चुनाव-2026 के प्रथम चरण में मंगलवार को कुल्लू ज़िला की 85 पंचायतों में कुल 84.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव प्रक्रिया पूरे ज़िला में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
उन्होंने बताया कि विकास खण्ड आनी की 13 पंचायतों में 82.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। विकास खण्ड नग्गर की 15 पंचायतों में 85.18 प्रतिशत तथा विकास खण्ड भुंतर की 18 पंचायतों में 85.20 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार विकास खण्ड कुल्लू की 14 पंचायतों में 85.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि विकास खण्ड निरमंड की 11 पंचायतों में 80.41 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि विकास खण्ड बंजार की 14 पंचायतों में सर्वाधिक 87.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे। सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई थीं। दुर्गम क्षेत्रों तक भी मतदान दल समय पर पहुंचे और पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
  उन्होंने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों तथा विभिन्न विभागों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से प्रथम चरण का मतदान सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.