लोक संस्कृति के संवर्धन के साथ युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का उद्देश्य- संजय अवस्थी

सोलन

अर्की में पांच दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता आरम्भ
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति एवं पारंपरिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा को परिष्कृत करने के लिए सशक्त मंच प्रदान करना है। संजय अवस्थी गत दिवस पीएम श्री शहीद कैप्टन विजयंत थापर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सी.बी.एस.ई) अर्की में 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के छात्र एवं छात्राओं की पांच दिवसीय राज्यस्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता के शुभारम्भ अवसर पर उपस्थित छात्रों, अध्यापकों, प्रतिभागियों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी ज़िलों के लगभग 1400 छात्र एवं छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में समूहगान, लोक नृत्य, नाट्य मंचन, भाषण, शास्त्रीय गायन, एकल गायन, संस्कृत गीतिका और श्लोक उच्चारण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर विद्यार्थियों का आह्वान किया कि छात्र शिक्षा ग्र्रहण करने के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपनी प्रतिभा के माध्यम से देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करें।
उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारकर उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन एवं रचनात्मकता विकसित करने का सशक्त माध्यम बनती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत सहेज कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होेंने इस अवसर पर सभी प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएं प्रेषित की।
संजय अवस्थी ने आयोजन समिति को 51000 रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की।
भाषण प्रतियोगिता में पीएम श्री छात्रा राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जिला सोलन की एंजेल पेजटा प्रथम, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अम्बोया, जिला सिरमौर की हर्षिता ठाकुर द्वितीय व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर, जिला शिमला की छात्रा वंदिता जोशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वाद्य यंत्र संगीत प्रतियोगिता में पीएम श्री शहीद कैप्टन विजयंत थापर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सी.बी.एस.ई) अर्की प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जिला शिमला द्वितीय व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जिला चम्बा तृतीय स्थान पर रहा।
लोक नृत्य प्रतियोगिता में पीएम श्री छात्रा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जिला सोलन प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहड़ू जिला शिमला द्वितीय व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सकोली जिला लाहुल-स्पीति तृतीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के सदस्य सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा व पार्षदगण, जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक रोशन वर्मा, कांग्रेस पाटी। के विभिन्न पदाधिकारी, संयुक्त निदेशक विद्यालय शिक्षा डॉ. जगदीश चंद नेगी, उप-निदेशक उच्च शिक्षा जिला सोलन मधु जनारथा, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधीशाषी अभियंता संदीप कुमार, पीएम श्री शहीद कैप्टन विजयंत थापर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सी.बी.एस.ई) अर्की के प्रधानाचार्य हेमराज गौड़ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति तथा प्रतिभागी छात्र, अध्यापक एवं अन्य उपस्थित थे।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.