मुख्यमंत्री ने चंबा के चुराह में 60.67 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के किए लोकार्पण व शिलान्यास

शिमला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज जिला चंबा के चुराह विधानसभा क्षेत्र के भंजराड़ू में 60.67 करोड़ रुपये की लागत वाली 9 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए।
मुख्यमंत्री ने भंजराड़ू में 2.84 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित लोक निर्माण विभाग मंडल कार्यालय भवन तीसा, 25.51 करोड़ रुपये की लागत से कियाणी-राजनगर-चकलू-कोटी सड़क के उन्नयन, 2.35 करोड़ रुपये की लागत से चुराह तहसील की ग्राम पंचायत सत्यास को राणिकोट नाला से पेयजल आपूर्ति योजना, 1.68 करोड़ रुपये की लागत से चुराह तहसील की ग्राम पंचायत करेर और चरौड़ी के अंतर्गत विभिन्न पेयजल योजनाओं के पुनर्गठन एवं संवर्धन, 4.58 करोड़ रुपये की लागत से चुराह तहसील की ग्राम पंचायत भंजराड़ू और खुशनगरी के अंतर्गत गांव फुलतवास, सतलोग-प् एवं प्प् तथा खुशनगरी की पेयजल योजना के लिए अतिरिक्त जल स्रोत उपलब्ध करवाने और 2.85 करोड़ रुपये की लागत से चुराह तहसील की ग्राम पंचायत घुलेई के अंतर्गत विभिन्न पेयजल योजनाओं के सुधार एवं संवर्धन कार्यों का लोकार्पण किया।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने 8.27 करोड़ रुपये की लागत से गांव कैहला के लिए संपर्क सड़क, 5.64 करोड़ रुपये की लागत से गांव टिकरी के लिए संपर्क सड़क तथा 6.94 करोड़ रुपये की लागत से डकाला से कुंडा तक सड़क निर्माण कार्य की आधारशिलाएं भी रखीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकासात्मक परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़कों के बेहतर संपर्क से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और चुराह क्षेत्र का सड़क नेटवर्क मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं के माध्यम से संबंधित गांवों के लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.