राजेश धर्माणी ने सेना के लिए स्वदेशी ड्रोन तकनीक विकसित करने के लिए सर्वेश शर्मा को बधाई दी

शिमला
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हमीरपुर में कम्प्यूटर साइंस के छात्र हैं सर्वेश शर्मा  

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने हमीरपुर के राजकीय  पॉलिटेक्निक कॉलेज  हमीरपुर (बड़ू) के छात्र सर्वेश शर्मा को भारतीय सेना के लिए स्वदेशी ‘रुद्रा एज टी-1 (स्पेक्ट्रा)’ ड्रोन विकसित करने के लिए रक्षा मंत्रालय से 3.5 करोड़ रुपये की अनुदान राशि प्राप्त करने पर बधाई दी है।
राजेश धर्माणी ने सर्वेश शर्मा की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह नवाचार हिमाचल प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और तकनीकी क्षमता को प्रदर्शित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवा नेतृत्व वाले विकास को प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। प्रदेश सरकार के सहयोग से अब प्रदेश के युवा अपने सपनों को आत्मविश्वास के साथ साकार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि सर्वेश शर्मा भारतीय सेना के लिए रूद्रा एज टी-1 (स्पेक्ट्रा) ड्रोन तैयार करेंगे जो सीमा पर निगरानी में मददगार साबित होगा। इस ड्रोन की यह विशेड्ढता की यह दुश्मन के रडार की पकड़ में नहीं आएगा और जैमर भी इसे जाम नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्वदेशी ड्रोन तकनीक को और अत्याधुनिक बनाने की दिशा में मील पत्थर साबित होगी।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के युवाओं के कौशल की संभावनाओं के वैश्विक मंच से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके लिए सरकार द्वारा बच्चों को एक्सपोजर विजिट करवाई जा रही है। प्रदेश के विभिन्न तकनीकी संस्थानों के युवाओं को कजाकिस्तान और जापान का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया है। इन शैक्षणिक भ्रमणों ने बच्चों के तकनीकी कौशलों को और अधिक सुदृढ़ किया है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवा सर्वेश शर्मा की उपलब्धि से प्रेरणा लेकर नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने भविष्य की योजनाओं की सफलता के लिए सर्वेश शर्मा को शुभकामनाएं दीं।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.