मुख्यमंत्री ने नेपाल बाढ़ में लापता ऊना के इंजीनियर के परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया
शिमला
खोज अभियान में तेजी लाने का मामला केन्द्र सरकार के समक्ष रखा जाएगा
कुछ दिनों पूर्व नेपाल में आई बाढ़ के बाद से लापता ऊना निवासी इंजीनियर सुखविंदर रतन के परिजनों ने आज ऊना के सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट की और उनकी खोज के लिए सरकार से सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। परिजनों ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि नेपाल में बाढ़ आने के बाद से सुखविंदर रतन के बारे में कोई जानकारी प्राप्त न होने के कारण परिजन बेहद चिंतित हैं।
मुख्यमंत्री ने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार सुखविंदर रतन की तलाश के प्रयासों में तेजी लाने तथा उन्हें शीघ्र ढूंढने का मामला केन्द्र सरकार के समक्ष उठाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनके बारे में जल्द से जल्द जानकारी प्राप्त करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और इस कठिन समय में राज्य सरकार परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेगी।
नेपाल में 216 मेगावाट की अपर त्रिशूली जलविद्युत परियोजना में सुखविंदर रतन साइट इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। वह 26 अगस्त को क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.