मढोल पंचायत विकास, खेल और सामाजिक चेतना का आदर्श उदाहरण – रोहित ठाकुर
युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा से होगा नशामुक्त और विकसित समाज का निर्माण
जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की मढोल पंचायत में आयोजित मढोल प्रीमियर लीग प्रतियोगिता में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास, शिक्षा, खेल, सामाजिक सहभागिता पर्यावरण संरक्षण तथा नशा उन्मूलन जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए और युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में रोहित ठाकुर ने कहा कि मढोल पंचायत न केवल जुब्बल.कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े गांवों में से एक है, बल्कि पूरे क्षेत्र में एक आदर्श गांव के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि यहां के युवाओं ने सामाजिक, सांस्कृतिक, खेल एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जो अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में विकास शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। एक समय ऐसा था जब प्रदेश विभिन्न विकास सूचकांकों में 21वें स्थान पर था लेकिन दूरदर्शी नीतियों और कठिन निर्णयों के परिणामस्वरूप आज हिमाचल प्रदेश देश के 28 राज्यों में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। यदि केंद्र शासित प्रदेशों को भी शामिल किया जाए तो प्रदेश पांचवें स्थान पर है जो समस्त हिमाचल वासियों के लिए गर्व का विषय है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश की परफॉर्मेंस रेटिंग इंडेक्स में भी उत्कृष्ट स्थिति रही है, जो विकास और सुशासन का महत्वपूर्ण संकेतक है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद हिमाचल प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सितंबर 2025 में हिमाचल प्रदेश को देश का सर्वाधिक साक्षर राज्य घोषित किया गया जो शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की ऐतिहासिक उपलब्धि है। आजादी के समय प्रदेश की साक्षरता दर काफी नीचे थी, जबकि महिलाओं की शिक्षा की स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण थी। निरंतर प्रयासों और शिक्षा सुधारों के परिणामस्वरूप यह परिवर्तन संभव हो पाया है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि मढोल युवक मंडल पिछले कई वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रहा है। मंडल द्वारा प्रत्येक वर्ष नए नवाचारों और रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज हित में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। उन्होंने युवक मंडल के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई देते हुए उनकी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से लगभग करोड़ो रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत अनेक नई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। पिछले साढ़े तीन वार्षिक मढोल पंचायत क्षेत्र में लगभग साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत एवं क्रियान्वित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के विकास की आधारशिला सड़कें होती हैं और इसी सोच के अनुरूप सरकार द्वारा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी डेढ़ वर्ष के भीतर अधिकांश विकास कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित किए जाएंगे।
जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मढोल में आयोजित मढोल प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
विधायक ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक समिति, स्थानीय पंचायत तथा क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
इस अवसर पर विधायक ने मढोल प्रीमियर लीग के आयोजनकर्ताओं को अपनी ऐच्छिक निधि से 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
समापन समारोह के दौरान विधायक ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने और प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.