प्रदेश सरकार दृष्टिबाधितों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित: डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल

शिमला
विभिन्न विभागों में दृष्टिबाधितों के लिए आरक्षित पदों को भरना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता

स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल की अध्यक्षता में आज यहां ब्लाइंड पर्सन्स एसोसिएशन तथा नेशनल फेडरेशन ऑफ़ द ब्लाइंड के साथ दृष्टिबाधितों के अधिकारों, शिक्षा, प्रशिक्षण और सशक्तिकरण आदि महत्त्वपूर्ण मद्दों पर चर्चा की गई।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों में दृष्टिबाधितों के लिए आरक्षित पदों को भरना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार आदि क्षेत्रों में दृष्टिबाधितों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूर्णतः समर्पित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ऐसे संवेदनशील वर्गों के लिए विशेष योजनाएं, कार्यक्रम तथा नवीन पहल कर रहे हैं जिन्हें प्रदेश सरकार के सहारे और सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि संवेदनशील वर्गों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाए।
बैठक के दौरान दृष्टिबाधित संघ एवं महासंघ द्वारा प्रस्तुत विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा की गई तथा उनकी जायज मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में मुख्य सचिव के.के. पंत, सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सी.पी. वर्मा, सचिव शहरी विकास अमरजीत सिंह, निदेशक सुमित खिमटा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.