राज्यपाल ने कुल्लू में रेडियो कुल्लू 90.4 एफएम का किया शुभारंभ
शिमला
स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और रेडियो के पुराने दौर के आकर्षण को बनाए रखने पर दिया बल
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज कुल्लू में रेडियो कुल्लू 90.4 एफएम का शुभारंभ किया। यह पहल सांफिया फाउंडेशन द्वारा संचालित है, जिसे सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड (इरेडा) द्वारा प्रायोजित किया गया है। यह रेडियो स्टेशन स्वर्गीय विदिशा भारद्वाज की स्मृति में समर्पित है। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित रहीं।
रेडियो कुल्लू 90.4 एफएम पर आयोजित एक विशेष साक्षात्कार में राज्यपाल ने स्थानीय परंपराओं के संरक्षण, कुल्लू दशहरा की चिरस्थायी विरासत तथा जनसंचार के माध्यम के रूप में रेडियो के सदाबहार आकर्षण पर अपने विचार साझा किए।
प्रसारण माध्यमों से अपने व्यक्तिगत जुड़ाव को साझा करते हुए राज्यपाल ने अपने शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता डाक विभाग में कार्यरत थे और उन्होंने वह दौर देखा था, जब रेडियो रखने के लिए आधिकारिक लाइसेंस लेना आवश्यक होता था। उन्होंने उन दिनों को भी याद किया, जब रेडियो घरों की शान हुआ करता था और गांवों की चौपालों में सामुदायिक मेल-मिलाप के दौरान रेडियो सुना जाता था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस पहल ने रेडियो संस्कृति को पुनर्जीवित करने और आधुनिक डिजिटल युग में इस पारंपरिक माध्यम को जीवंत बनाए रखने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
राज्यपाल ने साहस और दृढ़ संकल्प पर आधारित अपनी स्वरचित कविता की प्रभावशाली पंक्तियां भी सुनाईं। इसके साथ ही उन्होंने दैनिक जीवन से जुड़ी एक हल्की-फुल्की रचना भी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने स्वर्गीय विदिशा भारद्वाज की स्मृति में रेडियो स्टेशन शुरू करने के लिए गौरव भारद्वाज को बधाई दी।
कार्यक्रम में सांफिया फाउंडेशन की निदेशक डॉ. श्रुति मोरे भारद्वाज, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के पत्रकारिता विभाग से प्रो. शशि कांत शर्मा तथा अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.