जीवन को सफल बनाने के लिए कठिन परिश्रम व दृढ़ संकल्प अत्यंत आवश्यक – हर्षवर्द्धन चौहान
सोलन
पाईनग्रूव स्कूल का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह-2026 सम्पन्न
उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने कहा कि प्रत्येक छात्र तक गुणवत्तायुक्त शिक्षा पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। हर्षवर्द्धन चौहान आज सोलन विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर स्थित पाईनग्रूव स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह-2026 को सम्बोधित कर रहे थे।
हर्षवर्द्धन चौहान ने कहा कि जीवन को सफल बनाने के लिए कठिन परिश्रम व दृढ़ संकल्प अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से अपना लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ निश्चय के साथ उसे पाने के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक छात्र को गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए सकारात्मक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर पहली कक्षा से ही बच्चों को आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के लिए योजना तैयार की गई है वहीं आई.टी.आई स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलीजेंश और ड्रोन जैसे पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय छात्रों को प्रतिस्पर्धात्मक युग में आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रहा है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए विभिन्न योजनाएं आरम्भ की गई है। मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना भी ऐसी ही एक योजना है। इस योजना के तहत बेसहारा व निराश्रित बच्चों को ‘स्टेट ऑफ द चिल्ड्रन’ का दर्जा दिया गया है और सरकार उनकी पूरी देखभाल कर रही है। योजना के तहत बच्चों को प्रति माह 03 हजार रुपए जेब खर्च के रूप में दिए जाते है तथा शिक्षा, कोचिंग, घर, जमीन, विवाह व स्टार्ट अनुदान भी दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत सोलन ज़िला में अभी तक लगभग 204 लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा के तहत लगभग 6,89,451 रुपए की राशि प्रदान की गई है।
श्रम एवं रोज़गार मंत्री ने सोशल मीडिया के युग में छात्रों के साथ किताब पढ़ने की अहमियत भी साझा की। उन्होंने कहा कि तकनीक से जुड़े रहना आवश्यक है परंतु किताब से पाया गया ज्ञान सदैव हमारे साथ रहता है और हमे किताबों से पूर्ण जानकारी मिलती है। उन्होंने छात्रों को किताबें, अखबार व अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
हर्षवर्द्धन चौहान ने इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक परवाणू अनिल शर्मा, ज़िला खनन अधिकारी दिनेश कुमार, नायब तहसीलदार डी.पी. शर्मा, आई.पी.एस.सी. ट्रस्ट के निदेशक प्रमोद शर्मा, ज्ञान भारती स्कूल दिल्ली की निदेशक लता विद्यानाथन, पाईनग्रूव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन ए.जे. सिंह, पाईनग्रूव स्कूल शासक मण्डल के सदस्य जोगिन्द्र बाजवा, पाईनग्रूव स्कूल धर्मपुर के हेड संजय चौहान, पाईनग्रूव स्कूल सुबाथू की हेड कैप्टन रेनु शर्मा सहित अध्यापक, अभिभावक व छात्र उपस्थित थे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.