हिमाचल प्रदेश देश के अग्रणी शिक्षित राज्यों में शामिल- डॉ शांडिल
सोलन
संसाधन कक्ष का किया लोकार्पण
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश देश के अग्रणी शिक्षित राज्यों में शामिल है और शिक्षा की गुणवत्ता के मामले में भी लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। डॉ. शांडिल आज यहां जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन में जिला संसाधन कक्ष का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने 45 लाख रुपये की लागत से दिव्यांग बच्चों को सुगम तकनीक से शिक्षा प्रदान करने के लिए स्थापित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन में जिला संसाधन कक्ष का लोकार्पण किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा प्रदर्शन में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हुआ है। उन्होने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी विद्यालयों में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) पाठ्यक्रम को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की पहल की है। इससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं और अवसरों के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। इसके लिए शिक्षकों के विशेष प्रशिक्षण और चयन की प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा के क्षेत्र में जारी सुधारों और निवेश के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश आने वाले वर्षों में देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मण्डल के रूप में और अधिक मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा उप निदेशक गुणवत्ता राजेंद्र वर्मा ने मुख्यतिथि का स्वागत किया तथा डाइट की समस्याओं से अवगत करवाया तथा डाइट के प्रधानाचार्य गीतांजलि कश्यप ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डाइट के प्रशिक्षुओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। मुख्यातिथि द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से 31 हज़ार रूपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर जोगेंदरा बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, सन्धिरा शीनू सिंह, उपमंडलाधिकारी नीरजा शर्मा सहित विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी व स्थानीय लोग उपस्थित थे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.