राज्यपाल ने सामाजिक सेवा कार्यों के लिए लाडली फाउंडेशन को सराहा

शिमला

लाडली फाउंडेशन, हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों ने आज लोक भवन में  राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस मौके पर राज्यपाल ने फाउंडेशन का स्वरोजगार योजना – सशक्त नारी, सशक्त हिमाचल का पोस्टर जारी किया।
लाडली फाउंडेशन हिमाचल प्रदेश द्वारा शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके अंतर्गत महिलाओं द्वारा अपने कौशल एवं हस्तशिल्प से तैयार किए गए उत्पादों के विपणन और बिक्री के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिससे उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
राज्यपाल ने इस पहल के लिए फाउंडेशन को बधाई देते हुए लाडली स्वरोजगार योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण तथा समाज में उनकी आर्थिक भागीदारी को सुदृढ़ बनाने की दिशा में फाउंडेशन के समर्पित प्रयासों की सराहना की।
श्री गुप्ता ने कहा कि मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है तथा समाज के समग्र विकास के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सामाजिक कल्याण के कार्यों में सक्रिय रूप से भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाले ऐसे कार्यक्रम एक सशक्त एवं समृद्ध हिमाचल प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इससे पूर्व, लाडली फाउंडेशन की प्रदेशाध्यक्ष शालू अख्तर एवं दीक्षा शर्मा ने राज्यपाल को सम्मानित किया तथा उन्हें पिछले 15 वर्षों के दौरान फाउंडेशन द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक कल्याण गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लाडली स्वरोजगार योजना का उद्देश्य महिलाओं को उनके द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों के विपणन एवं बिक्री के माध्यम से स्थायी आजीविका के अवसर प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर फाउंडेशन की पदाधिकारी एवं सदस्य गीतांजलि शर्मा, मीनाक्षी शर्मा, गीता सूद, शीला सिंह तथा नीतू भी उपस्थित थीं।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.