सोलन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, सोलन द्वारा आज यहां विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, सोलन के सभागार में डॉ. अजय पाठक की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉ. अजय पाठक ने हेपेटाइटिस-बी के कारणों, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन के लिए एक ही सिरिंज का बार-बार अथवा कई व्यक्तियों द्वारा उपयोग करना हेपेटाइटिस-बी संक्रमण के प्रसार का एक प्रमुख कारण है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में विश्वभर में लगभग 13 लाख लोगों की मृत्यु हेपेटाइटिस-बी से संबंधित कारणों के चलते हुई, जो अत्यंत चिंता का विषय है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखें तथा उन्हें नशे जैसी बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. गगन ने भी हेपेटाइटिस-बी के लक्षणों, संक्रमण के तरीकों, रोकथाम, समय पर जांच तथा टीकाकरण के महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न कवियों एवं बुद्धिजीवियों ने हेपेटाइटिस-बी, नशा मुक्ति तथा स्वस्थ जीवनशैली पर आधारित प्रेरणादायक कविताओं के माध्यम से उपस्थित लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य को हेपेटाइटिस-बी की रोकथाम, समय पर जांच, टीकाकरण तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के प्रति प्रेरित करना था।