एलआईसी संजौली शाखा में 100 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू 22 सितंबर को

शिमला

जिला रोजगार कार्यालय शिमला द्वारा एलआईसी ऑफ इंडिया, शाखा संजौली, शिमला में विभिन्न पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन 22 सितंबर, 2026 को प्रातः 11 बजे जिला रोजगार कार्यालय, शिमला में किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी प्रवीन नगराईक ने बताया कि महिला करियर एजेंट (MCA) के 50 नियमित पदों के लिए 10वीं पास महिला उम्मीदवार, जिनकी आयु 18 से 70 वर्ष के बीच है, पात्र होंगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रथम वर्ष 7,000 रुपये, द्वितीय वर्ष 6,000 रुपये तथा तृतीय वर्ष 5,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय के साथ प्रीमियम पर 28 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
इसी प्रकार रूरल करियर एजेंट (RCA) के 50 नियमित पदों के लिए 10वीं पास महिला एवं पुरुष उम्मीदवार, जिनकी आयु 18 से 35 वर्ष के बीच है, पात्र होंगे। इन पदों पर प्रथम वर्ष 5,000 रुपये तथा द्वितीय वर्ष 4,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय के साथ प्रीमियम पर 28 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदकों का रोजगार कार्यालय में ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। जिन उम्मीदवारों का रोजगार कार्यालय में पंजीकरण नहीं है, वे eemis.hp.gov.in पर जाकर घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अपने सभी आवश्यक दस्तावेज एवं रिज्यूम साथ लेकर निर्धारित तिथि व समय पर पहुंचना होगा।
साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थी आधार कार्ड, पैन कार्ड, 10वीं की अंकतालिका, उच्चतम शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण-पत्र तथा एक पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो अवश्य साथ लाएं।
अधिक जानकारी के लिए 9418467705 अथवा 9816083593 पर संपर्क किया जा सकता है।