नगर निगम हमीरपुर की मतदाता सूचियों पर दावे या आपत्तियां 28 मार्च तक

हमीरपुर । एसडीएम एवं नगर निगम हमीरपुर के मतदाता पंजीकरण अधिकारी संजीत सिंह ने बताया कि नगर निगम हमीरपुर के सभी 15 वार्डों की मतदाता सूचियांे की प्रतियां आम जनता के निरीक्षण के लिए 28 मार्च तक उपलब्ध करवा दी गई हैं। इनमें पंजीकरण के लिए अर्हक तिथि एक अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। यानि एक अप्रैल 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
एसडीएम ने बताया कि अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम इन मतदाता सूचियों में छूट गया है तो वह 28 मार्च तक अपना दावा निर्धारित प्रारूप पर पुनरीक्षण अधिकारी एवं तहसीलदार, हमीरपुर नरेश पटियाल के समक्ष दाखिल कर सकता है। इसी प्रकार, अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाने की आपत्तियां भी इसी अवधि के दौरान निर्धारित प्रपत्र पर पुनरीक्षण अधिकारी के समक्ष दर्ज करवाई जा सकती हैं।
एसडीएम ने बताया कि पुनरीक्षण अधिकारी 2 अप्रैल तक सभी दावों या आपत्तियों का निपटारा सुनिश्चित करेंगे। अगर कोई मतदाता पुनरीक्षण अधिकारी द्वारा दिए निर्णय से संतुष्ट नहीं होगा तो वह पुनरीक्षण अधिकारी के निर्णय के 3 दिन के भीतर मतदाता पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम हमीरपुर के समक्ष अपील कर सकता है।